देहरादून, 8 जून। उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य में एक नए राजनीतिक दल ने दस्तक दे दी है। सोमवार को देहरादून प्रेस क्लब में “सनातन जनता पार्टी” का औपचारिक गठन एवं शुभारंभ किया गया। पार्टी के संस्थापकों ने बताया कि इसका उद्देश्य जन-कल्याण, पारदर्शी शासन, सामाजिक सद्भाव, प्रकृति और मानव सभ्यता के बीच संतुलन स्थापित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
प्रेस वार्ता के दौरान संस्थापक सदस्य विजय सिंह पंवार, विशाल सिंह पंवार और दिनेश सिंह पंवार ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से एक नए राजनीतिक विकल्प के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे थे। उन्होंने 8 जून 2026 को पार्टी की औपचारिक घोषणा करते हुए इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया।
पार्टी के संरक्षकों में कलम सिंह रावत (सेवानिवृत्त सुपरवाइजर, सर्वे ऑफ इंडिया), उमरोद सिंह रावत (सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर), उदय सिंह पंवार (सेवानिवृत्त शिक्षक), प्रेम सिंह नेगी (सेवानिवृत्त कप्तान एवं पूर्व पार्षद, नगर निगम देहरादून) तथा बख्तावर सिंह राणा (सेवानिवृत्त, जल निगम) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
पार्टी के संस्थापक विजय सिंह पंवार ने कहा कि उनकी पार्टी भारत के वैदिक साहित्य के शाश्वत मूल्यों से प्रेरणा लेती है तथा “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को आत्मसात करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के मूल तत्वों को पुनर्जीवित करने तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मीडिया को जारी बयान में पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी आगामी चुनावों में भाग लेने के लिए चुनाव चिह्न प्राप्त करने और राजनीतिक दल के रूप में पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेज भारत निर्वाचन आयोग को सौंपने की प्रक्रिया में है। साथ ही शीघ्र ही सदस्यता अभियान एवं भविष्य की गतिविधियों की घोषणा भी की जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष समर्थक उपस्थित रहे और पार्टी के गठन का स्वागत किया।




