टिहरी गढ़वाल | टिहरी सत्य
गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसंख्या के आधार पर पेयजल की बढ़ती मांग का आकलन प्रस्तुत करने तथा फ्लोटिंग पॉपुलेशन को ध्यान में रखते हुए पृथक प्रोजेक्शन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी परीक्षण हेतु एक समिति गठित कर उसकी संस्तुति के उपरांत प्रकरण को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
14 ग्रामों में पेयजल योजनाओं के पुनर्जीवन पर चर्चा
जल जीवन मिशन की टीम द्वारा पीपीटी के माध्यम से 14 ग्रामों में पेयजल आपूर्ति योजनाओं के पुनर्जीवन की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में ग्रामवार जल स्रोतों की वर्तमान स्थिति, मौजूदा जलापूर्ति प्रणालियों में सुधार हेतु गदेरे के नवीनीकरण, भंडारण क्षमता में वृद्धि, इंस्ट्रूमेंटेशन कार्य, क्लोरीनेशन सिस्टम तथा भूजल पुनर्भरण संरचनाओं के निर्माण जैसे प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही प्रस्तावित नलकूप स्थलों पर रेसिस्टिविटी सर्वे के लिए चयनित स्थानों की जानकारी भी साझा की गई।
हंस फाउंडेशन के कार्यों की समीक्षा
बैठक में हंस फाउंडेशन द्वारा संचालित पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों एवं प्राप्त शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम संदीप कश्यप, अधिशासी अभियंता जल संस्थान वी.सी. रमोला, ईई पेयजल चंबा एन. सेमवाल, ईई प्रशांत भारद्वाज, ईई देवप्रयाग नरेश पाल सिंह, अनूप कुमार ड्यूंडी, एडीपीआरओ ऋषिराम उनियाल, यूटीडीबी से काशीनाथ, आशीष, अनिरुद्ध सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



