ऋषिकेश/टिहरी | 1 जनवरी, 2026 रिपोर्ट: टिहरी सत्य न्यूज़ डेस्क
आज नए साल 2026 के पहले दिन, टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल ने एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने नववर्ष का जश्न मनाने के बजाय पर्यटन नगरी मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर जन-भागीदारी का आह्वान किया। यह कदम माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के उस संकल्प का हिस्सा है, जिसके तहत उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय, स्वच्छ और आकर्षक बनाना है।
जिलाधिकारी ने स्वयं नालियों से निकाला कूड़ा
अभियान की शुरुआत मुनि की रेती स्थित पूर्णानंद पार्किंग मैदान से हुई। यहाँ जिलाधिकारी ने प्रोटोकॉल किनारे रख खुद फावड़ा और झाड़ू संभाला और नालियों में जमा कूड़े की सफाई की। जिलाधिकारी को स्वयं सफाई करते देख स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में भी उत्साह देखा गया।
सफाई के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अधिशासी अधिकारी (EO) अंकिता जोशी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र की नालियों की नियमित सफाई में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने हर सप्ताह औचक निरीक्षण और विशेष सफाई अभियान चलाने के आदेश भी दिए।
स्वच्छता सर्वेक्षण में मुनि की रेती को नंबर 1 बनाने का संकल्प
मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा, “हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—मुनि की रेती को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश और प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाना है।” उन्होंने स्थानीय होटल संचालकों, होमस्टे मालिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से भी अपील की कि वे कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालें और देवभूमि की पवित्रता बनाए रखें।
बजरंग सेतु पर सफाई और तपोवन का निरीक्षण
मुनि की रेती के बाद जिलाधिकारी नगर पंचायत तपोवन कार्यालय पहुँचीं, जहाँ अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात प्रशासन की टीम प्रसिद्ध बजरंग सेतु पहुँची। जिलाधिकारी ने सेतु पर एकत्रित कूड़े को देखकर नाराजगी जताई और अधिकारियों के साथ मिलकर उसे तत्काल निस्तारित करवाया।
अभियान में शामिल रहे मुख्य अधिकारी
इस स्वच्छता अभियान के दौरान प्रशासन के कई बड़े अधिकारी भी फील्ड पर मौजूद रहे:
- आशीष घिल्डियाल, एसडीएम नरेंद्रनगर
- अयोध्या उनियाल, तहसीलदार
- अंकिता जोशी, ईओ मुनि की रेती
- अंजलि रावत, ईओ तपोवन



