नए आपराधिक कानूनो के प्रभावी क्रियान्वयन पर एसएसपी श्वेता चौबे सख्त
*NCL डेटा की समीक्षा कर विवेचनाओ की गुणवत्ता,वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं विवेचनाओं के समयबदध निस्तारण तक,प्रत्येक बिंदु पर जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर*
*आगामी त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश*
*नवरात्रों, दशहरा एवं रामलीला मंचन पर शांति-सुरक्षा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं अफवाहों पर नियंत्रण के साथ पुलिस को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के दिये निर्देश*
आज दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा जनपद के समस्त थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों के साथ नए आपराधिक कानूनों से संबंधित डेटा, विवेचनाओं की प्रगति तथा आगामी दशहरा एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर विवेचनाओं में गुणवत्ता, वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी संकलन, निर्धारित समय-सीमा में अभियोगों के निस्तारण तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🔹 NCL डेटा की समीक्षा—प्रविष्टियां अद्यतन रखने के निर्देश
एसएसपी महोदया ने NCL से संबंधित डेटा की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को डेटा समय से अद्यतन रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डेटा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया।
🔹 ई-साक्ष्य में SID को FIR से लिंक करने में न हो देरी
सभी विवेचकों को प्रत्येक प्रकरण में ई-साक्ष्य में SID को संबंधित FIR से निर्धारित समय-सीमा के भीतर लिंक करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डिजिटल साक्ष्यों के व्यवस्थित संकलन, सुरक्षित रखरखाव एवं विवेचना में उनके प्रभावी उपयोग को प्राथमिकता देने को कहा गया।
🔹 विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण—उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना
जनपद में प्रचलित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान 60 दिवस के भीतर निस्तारित किए जाने वाले मुकदमों में उत्कृष्ट विवेचनात्मक कार्य करने वाले अधिकारियों के कार्यों की सराहना की गई। वहीं, 90 दिवस के भीतर निस्तारित किए जाने वाले अभियोगों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा साक्ष्य आधारित गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔹 संगीन अपराधों में चांस फिंगरप्रिंट सहित वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन अनिवार्य
सभी थाना प्रभारियों को संगीन अपराधों के घटनास्थल से अनिवार्य रूप से चांस फिंगरप्रिंट संकलित कराने के निर्देश दिए गए। वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी संकलन एवं विश्लेषण अपराधों के अनावरण तथा अभियुक्तों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे ध्यान में रखते हुए घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने पर जोर दिया गया।
🔹 अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त के निर्देश
अज्ञात शवों से संबंधित मामलों में फिंगरप्रिंट प्राप्त कर उनका नियमानुसार मिलान कराने तथा मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपलब्ध अभिलेखों एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त करने पर जोर दिया गया।
🔹 दशहरा एवं आगामी त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रहे चाक-चौबंद
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत थाना स्तर पर की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा गया।
🔹 अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर
दशहरा पर्व के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।
🔹 जुलूसों एवं झांकियों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल और सुचारु यातायात व्यवस्था
जुलूसों एवं झांकियों के मार्गों, आबादी वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रभावी गश्त, भीड़ प्रबंधन एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🔹 सोशल मीडिया पर अफवाहों की रोकथाम एवं त्वरित खंडन
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी भ्रामक सूचना के संज्ञान में आने पर तथ्यों की पुष्टि कर तत्काल खंडन करने तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम सहित अन्य प्रभावी माध्यमों से आमजन तक सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
🔹 थाना स्तर पर जवाबदेही, समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश
एसएसपी महोदया ने सभी थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था से संबंधित परिस्थितियों पर निरंतर निगरानी रखने, किसी भी चुनौती पर त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा गया।
टिहरी गढ़वाल पुलिस नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा जनपद में शांति, सुरक्षा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु जनपद पुलिस पूरी सतर्कता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।

