किरायेदार सत्यापन अभियान-Tehri Garhwal
श्री आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल महोदय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में जनपद के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, सुरक्षा वातावरण को बेहतर बनाना तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
अभियान के अंतर्गत—
किरायेदारों, घरेलू सहायकों, फड़वालों, मजदूरों, होटल/ढाबा स्टाफ एवं संदिग्ध व्यक्तियों का डिजिटल एवं मैन्युअल सत्यापन किया जा रहा है।
होटलों, लॉज, रिहायशी भवनों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष चेकिंग की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए मकान मालिकों को किरायेदार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
अब तक अभियान में कई व्यक्तियों का सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है तथा जिनका सत्यापन लंबित था, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर सतर्कता बनी रहे और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।
श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि जनपद में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सत्यापन अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना/चौकी पर दें।
टिहरी पुलिस—आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।




