नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 प्रकरणों में कुल ₹47,85,30,088 की वसूली के लिए रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर दी है। यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शैलेंद्र सिंह नेगी द्वारा नियमानुसार सुनवाई पूरी करने के बाद की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर प्रदान किया गया था। निर्धारित समयावधि के भीतर संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने पर नियमों के अनुसार वसूली की कार्रवाई शुरू करते हुए आरसी जारी की गई है।
विभिन्न तहसीलों के 31 प्रकरण शामिल
जारी की गई आरसी में जनपद की विभिन्न तहसीलों के अवैध खनन से जुड़े मामले शामिल हैं, जिनमें—
- टिहरी तहसील – 12 प्रकरण
- घनसाली तहसील – 11 प्रकरण
- कीर्तिनगर तहसील – 3 प्रकरण
- धनोल्टी तहसील – 2 प्रकरण
- नरेन्द्रनगर तहसील – 2 प्रकरण
प्रमुख संस्थाओं पर करोड़ों रुपये की वसूली
प्रमुख मामलों में निम्न संस्थाओं के विरुद्ध आरसी जारी की गई है—
- इस्पान इन्फ्रास्ट्रक्चर इंजीनियर लिमिटेड – ₹15,88,46,259
- नवयुगा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड – ₹14,02,31,393
- हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय – ₹9,90,00,000
- गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी – ₹4,72,29,022
अवैध खनन पर जारी रहेगी सख्ती
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई की जाती रही है और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई को जनपद में अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
– Tehri Satya News



