नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में दिनांक 12.12.2025 को मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नीति–2017 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सभी नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित Eco Wealth Project की प्रगति की समीक्षा की गई।
Eco Wealth Project की स्थिति की समीक्षा
बैठक में सभी अधिशासी अधिकारियों से Eco Wealth Project की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना का समय-समय पर क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह एकत्रित कूड़े की विस्तृत रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यदि किसी नगर पालिका/नगर पंचायत को कूड़ा संग्रहण से संबंधित सामग्री की आवश्यकता हो तो उसे शीघ्र अवगत कराने को कहा।
ग्राम पंचायतों के कूड़ा संग्रहण केंद्रों की जांच
सीडीओ ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में स्थित जालीदार कूड़ा संग्रहण केंद्रों की स्थिति की जांच सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अपने स्तर से करेंगे। जहां कहीं रिपेयरिंग/रंग-रोगन की आवश्यकता हो, वहां 15वें वित्त आयोग की टाइड मद के अंतर्गत योजना बनाकर मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
कूड़ा उठान में आ रही समस्याओं पर चर्चा
सभी खण्ड विकास अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायतों के रोडहेड पर स्थित कूड़ा संग्रहण केंद्रों से पूर्व में जारी रोस्टर के अनुसार कूड़ा उठाया जा रहा है तथा उसे ब्लॉक स्तर पर स्थित कॉम्पैक्टर मशीन तक पहुंचाया जा रहा है।
हालांकि, कुछ दूरस्थ ग्राम पंचायतों एवं शहरी निकायों के समीप स्थित ग्राम पंचायतों में कूड़ा उठान में समस्याएं आ रही हैं। इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों से जुड़े स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर कूड़ा उठान व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
जिला पंचायत स्तर पर उठान कार्य
बैठक में जिला पंचायत द्वारा अवगत कराया गया कि जिला स्तर पर भी नियमित रूप से कूड़े का उठान किया जा रहा है तथा एकत्रित कूड़े को कॉम्पैक्टर मशीन तक पहुंचाया जा रहा है।
स्वच्छता मित्रों से सहयोग की अपील
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सभी ग्राम पंचायतों से स्वच्छता मित्रों के माध्यम से सप्ताह में कम से कम एक बार ठोस एवं तरल कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर कूड़ा संग्रहण केंद्र तक पहुंचाने की अपील की, ताकि जनपद में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।



