टिहरी गढ़वाल, 29 अक्टूबर 2026। टिहरी गढ़वाल में हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तरीय पुरस्कारों हेतु चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न श्रेणियों में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया।
हथकरघा श्रेणी में रंजनी देवी प्रथम
हथकरघा श्रेणी में ढालवाला की रंजनी देवी को बिच्छू घास से निर्मित मफलर के लिए प्रथम पुरस्कार हेतु चयनित किया गया। वहीं, चंबा के नत्थी लाल को शॉल निर्माण के लिए द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया।

हस्तशिल्प श्रेणी में इन शिल्पकारों का चयन
हस्तशिल्प श्रेणी में ग्राम खंडोगी के दिनेश लाल को पहाड़ी तिबार एवं सुरकंडा मंदिर की कलाकृति बनाने के लिए प्रथम पुरस्कार हेतु चयनित किया गया। नरेंद्रनगर की उषा देवी को क्रोशिया से निर्मित बेबी स्वेटर एवं फ्लावर पॉट के लिए द्वितीय पुरस्कार हेतु चुना गया।
लघु उद्योग श्रेणी में घनसाली की कंपनी प्रथम
लघु उद्योग श्रेणी में मैसर्स सुरईया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, घनसाली को प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। वहीं, मैसर्स हिमालय सुपरफार्मर्स इनोवेंचर्स को द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया।
स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन
इन जिला स्तरीय पुरस्कारों का उद्देश्य जनपद में पारंपरिक हस्तकला, स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देना है। साथ ही, स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान दिलाकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

