चंबा महोत्सव की तैयारियों का डीएम नितिका खण्डेलवाल ने किया निरीक्षण, 22 नवंबर से होगा आयोजन

टिहरी गढ़वाल। जनपद में आगामी 22 नवंबर से 02 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बादशाहीथौल स्थित मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बिजली, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने मेला स्थल पर विद्युत ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग की प्रगति की जानकारी लेते हुए महोत्सव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता और नियमित साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।

मेला समिति के पदाधिकारियों ने मेला स्थल पर पेयजल टैंकर खड़ा रखने और आवश्यकता के अनुसार लगातार पानी की रिफिलिंग कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपर्क मार्ग की मरम्मत समय से पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरा करने को कहा। वहीं वन विभाग को मेला स्थल पर कार्मिकों की निरंतर ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव के दौरान संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी बनी रहे।

पुराने मंच को हटाने के लिए संयुक्त निरीक्षण होगा

निरीक्षण के दौरान मेला समिति के पदाधिकारियों ने मैदान में बने पुराने मंच को हटाने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने समिति को विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर मंच को निष्प्रयोज्य घोषित करने और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

लोक कलाकारों और गायकों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण

चंबा महोत्सव में स्थानीय एवं अन्य क्षेत्रों के लोक कलाकारों और गायकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति, लोक कला और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायक होते हैं।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दुग्ध संघ अध्यक्ष सुशील रावत, मेला समिति के पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, टिहरी गढ़वाल

रिपोर्ट: दिनेश सिंह पंवार
Editor & Reporter – Tehri Satya News

Tehri Satya News
सत्य बिकता नहीं है… जनता की आवाज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *